नए साल की दस्तक से पहले ग्रेटर नोएडा में जश्न का सैलाब, 200+ सोसाइटियों में रंगारंग कार्यक्रम
ग्रेटर नोएडा: नए साल के स्वागत से पहले ही ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जश्न अपने चरम पर पहुँच गया है। शहर की 200 से अधिक सोसाइटियों में रविवार शाम से ही नए साल की खुशियों का माहौल देखने को मिला। कई सोसाइटियों में शाम छह बजे के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सोसाइटियों में रहने वाले लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी मॉल में भी बड़ी संख्या में लोग नए साल का जश्न मनाने पहुंचे, जहां देर शाम तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
महिलाओं और बच्चों की विशेष प्रस्तुतियां
सेक्टर जू-3 ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष कर्मवीर सिंह भाटी ने बताया कि सोसाइटी में महिलाओं और बच्चों द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं और जश्न देर रात एक से दो बजे तक चलेगा।
खेल, संगीत और मस्ती से गूंजे सेक्टर
निवासियों ने बताया कि बच्चों के लिए खेलों का आयोजन किया गया, वहीं डीजे और गानों पर लोग जमकर थिरके। साथ ही सभी से अपील की गई कि नए साल के जश्न में किसी भी तरह की अशांति न फैलाएं और शांति बनाए रखें।
शहरभर में देर रात तक पार्टियां
ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, सिग्मा सहित करीब एक दर्जन सेक्टरों में देर रात तक न्यू ईयर पार्टियों का आयोजन हुआ। पूरे शहर में रोशनी, संगीत और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
